सलमान खान अपनी फिल्म सिकंदर की रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गए हैं। पिछले साल की घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा एक अहम मुद्दा बन गई है। नए साल पर उनके घर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी बिल्डिंग में मजदूर काम करते नजर आ रहे हैं। आइए जानते हैं कि इस बार ईद के मौके पर भाईजान की सुरक्षा के लिए क्या खास इंतजाम किए गए हैं।
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। जल्द ही वह अपनी नई फिल्म सिकंदर में नजर आने वाले हैं, जिसका टीजर हाल ही में रिलीज हुआ है और फैंस के बीच काफी उत्साह पैदा कर रहा है। ईद के मौके पर उनकी फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, और इसी के चलते उनके घर पर खास सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। आइए जानते हैं इन तैयारियों के बारे में।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल, इन खबरों की शुरुआत तब हुई जब इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि सलमान खान की बालकनी, जहां से वह अपने फैंस से मिलते हैं और उनका अभिवादन करते हैं, उसे पूरी तरह से ढक दिया गया है। उनकी बालकनी के बाहर बुलेटप्रूफ शेड्स लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, घर की दीवारों के चारों ओर कंटीले तारों का घेरा बनाया गया है। यही नहीं, घर की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए हाई-रेजोल्यूशन कैमरे भी लगाए गए हैं।
कार के बाद घर भी बुलेटप्रूफ
गौरतलब है कि साल 2024 सलमान खान के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा था। साल की शुरुआत में उनके घर पर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इसके अलावा, उसी साल बाबा सिद्दीकी की हत्या भी इसी गैंग द्वारा किए जाने का दावा किया गया था। इन घटनाओं के बाद से सलमान की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन गई है। अब उनके घर को भी बुलेटप्रूफ बनाने के लिए ये खास इंतजाम किए गए हैं।इन घटनाओं के बाद सलमान खान ने अपने घर और बिल्डिंग के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करवाए थे। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि उनके अपार्टमेंट के एक हिस्से में मजदूर काम कर रहे हैं। अपार्टमेंट को अब बुलेटप्रूफ बनाया जा रहा है। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार ईद का दिन बेहद खास और सुरक्षित होने वाला है।
कब रिलीज होगी सिकंदर?
एआर मुरुगदास के निर्देशन में बन रही इस एक्शन थ्रिलर फिल्म सिकंदर को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। हमेशा की तरह, सलमान खान इस फिल्म को ईद के खास मौके पर रिलीज करने की तैयारी में हैं। साजिद नाडियाडवाला द्वारा निर्मित इस फिल्म में सलमान खान के अपोजिट रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) नजर आने वाली हैं।